समस्तीपुर- समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है. शनिवार सुबह उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में थाना परिसर में स्थित तीसरे मंजिल के एक खाली कमरे में पाया गया.
मृतक की पहचान 50 वर्षीय ASI बबलू कुमार प्रसाद के रुप में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक बबलू कुमार डायल-112 में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) की पोस्ट पर तैनात थे. घटना के सटीक कारणों का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है. फिलहाल पुलिस हर बिंदु की पड़ताल कर रही है.
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच की जा रही है. एसपी अरविंद प्रताप सिंह के मुताबिक प्रथम दृष्टया से आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. एसपी ने कहा कि जिस रूम पर ये रहते थे जिन लोगों के साथ ये उठते-बैठते थे, जिनके साथ ये ड्यूटी करते थे उन लोगों के साथ बात-चीत हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसपी ने आगे कहा कि बातचीत में ये बात सामने आई कि ये एक प्राईवेट पर्सन की तरह थे. ड्यूटी करते थे और रूम पर चले जाते थे, तो हो सकता है कि इनके जीवन में कोई समस्या, कोई तनाव रहा हो लेकिन साथ काम करने वाले लोग उन चीजों से परिचित नहीं हैं.
अधिकारी के मुताबिक बहुत ज्यादा अन्य लोगों के साथ इनका संवाद नहीं था. रूम की कुछ स्थिति देखने से लग रहा है कि किसी चीज से ये परेशान रहे होंगे.
एसपी के मुताबिक बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे. अधिकारी ने बताया कि ये काफी समय से यहां तैनात थे, अभी वर्तमान में इनका ट्रांसफर भी हुआ था पर अभी वहां के लिए उन्होंने प्रस्थान नहीं किया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इनके साथ एक व्यक्ति हमको अभी और मिले हैं जो इन्हीं के गांव के रहने वाले हैं और यहां एक अलग विभाग में कार्यरत हैं तो उनके माध्यम से भी हम जानकारी प्राप्त कर रहे है, और भी जो कारण हो सकते हैं सभी पहलूओं पर जांच कर रहे है. फिलहाल विभागीय कार्रवाई की हमने शुरू कर दी है.
एसपी ने कहा कि अभी एफएसएल की टीम आ गई है और उनकी जांच भी पूरी हो गई है. पोस्टमॉर्टम के लिए परिवार की सहमति लेने की कोशिश करेंगे. इस दुख की घड़ी में समस्तीपुर पुलिस उनके परिवार के साथ है और उनके साथ संपर्क में हैं. हम लोगों से जितना बन सकेगा हम परिवार की हर संभव मदद करेंगे.








