धनबाद- धनबाद के बापूनगर में एक आवासीय स्कूल में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब बच्चों के साथ कथित मारपीट, अभद्र व्यवहार और शौचालय साफ कराने के आरोप सामने आए.
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई. परिजनों ने बच्चों की सुरक्षा, रहन-सहन और पढ़ाई की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की.
अभिभावकों का आरोप है कि आवासीय विद्यालय में बच्चों के साथ मारपीट की जाती है, उन्हें अपशब्द कहे जाते हैं और उनसे शौचालय की सफाई भी कराई जाती है. उनका कहना है कि इस तरह का व्यवहार बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर प्रतिकूल असर डाल रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों का यह भी कहना है कि एक कमरे में 16 से 18 बच्चों को रखा जाता है. वहीं उसी कमरे में पढ़ाई की भी व्यवस्था है, जिससे बच्चों को न तो ठीक से रहने की सुविधा मिल रही है और न ही पढ़ाई का माहौल. उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर लापरवाही बताया.
अभिभावकों के मुताबिक, विद्यालय में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के अनुसार, इस आवासीय विद्यालय में 120 से अधिक छात्र-छात्राएं रहकर पढ़ाई करते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं विद्यालय के शिक्षक सीताराम कुमार ने कहा कि संस्थान में कुछ व्यवस्थागत कमियां जरूर हैं, लेकिन बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के आरोप सही नहीं हैं.
उनका कहना है कि अनुशासन बनाए रखने के लिए कभी-कभी शरारती छात्रों को दंड दिया जाता है. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बड़े छात्र कभी-कभार शौचालय की सफाई करते हैं, हालांकि सप्ताह में दो बार सफाईकर्मी भी विद्यालय आते हैं.








