पटना- पटना के लोग आज से 1200 फीट की ऊंचाई से आसमान से शहर का नजारा देख सकेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ की शुरुआत की। सीएम सम्राट चौधरी ने खुद अपने हाथों से टूरिस्ट को टिकट सौंपी। साथ ही हेलिकॉप्टर के पायलट को बैच पहनाया।
अब तक करीब 80 पर्यटकों ने एयर राइड के लिए सीटें बुक कराई हैं। हालांकि, पहले दिन पटना जॉय राइड का आनंद सिर्फ 20 लोग ही ले पाए। 3.40 बजे पहली राइड में 5 लोगों को लेकर हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी।
दरअसल, राजधानी के लोगों के लिए हेलिकॉप्टर जॉय राइड की विशेष सुविधा शुरू की गई है। 2100 रुपए प्रति व्यक्ति में 10 मिनट की हवाई यात्रा के दौरान पर्यटक गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब समेत शहर के प्रमुख स्थलों का आसमान से नजारा देख सकेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें, हर 30 मिनट के अंतराल पर 4 राइड संचालित की जाएंगी। प्रत्येक राइड 10 मिनट की होगी। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा 2100 रुपए में बिहार दर्शन है।
4 हजार में राजगीर दर्शन कराएंगे। फिलहाल यह सेवा हर वीकेंड उपलब्ध रहेगी। वहीं, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर राइड की अब तक कोई बुकिंग नहीं हुई है।
पटना से तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ा गया है। इनमें पश्चिम चंपारण का वाल्मीकिनगर, नालंदा का राजगीर और कैमूर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी मंदिर शामिल हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस योजना के अंतर्गत वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय वायुयान, वहीं कैमूर और राजगीर के लिए 6+2 सीटर श्रेणी के किराये के हेलिकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा। हर फेरी में अधिकतम 5 सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित की जा सकेंगी।
पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी। वाल्मीकिनगर तक पर्यटक छोटे विमान से जा सकेंगे। इसमें 20 लोग बैठ सकेंगे। पहली उड़ान सुबह 10:00 बजे पटना से प्रस्थान करेगी और 11:00 बजे वाल्मीकिनगर से वापसी होगा।
वहीं, दूसरी उड़ान दोपहर 3:00 बजे पटना से प्रस्थान और 4:30 बजे वाल्मीकिनगर से वापसी होगी। एक तरफ का किराया 5 हजार रुपए प्रति व्यक्ति है। इस मार्ग पर प्रति सप्ताह 20-20 सीटों की क्षमता निर्धारित है।
पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर-पटना हेलिकॉप्टर सेवा भी प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी। राजगीर के लिए हेलीकॉप्टर सुबह 9:30 बजे पटना एयरपोर्ट से उड़ेगा और वापसी सुबह 10:30 बजे होगी।
कैमूर के लिए सुबह 11 बजे सेवा शुरू होगी और वापसी 12:45 बजे होगी। राजगीर के लिए प्रति व्यक्ति 4 हजार और कैमूर का 6 हजार रुपए किराया होगा। प्रति व्यक्ति 4 से 5 किलो का सामान ले जा सकेंगे। इन दोनों मार्गों पर प्रति सप्ताह 10-10 सीटों की क्षमता निर्धारित है।
पटना एयरपोर्ट के पास से इसका परिचालन किया जाएगा। यह सुविधा फिलहाल सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को मिलेगी। विभाग केवल हवाई टिकट शुल्क लेगा। इसके अलावा टूरिस्ट गाइड की सुविधा फ्री में दी जाएगी।
पर्यटन स्थलों पर ठहरने, खाने-पीने, घूमने आदि की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।








