पटना- पटना के करबिगहिया से अपहृत किराना दुकानदार बंटी कुमार की हत्या कर दी गई है. उसका शव अथमलगोला थाना क्षेत्र में हाइवे किनारे एक गड्ढे से बरामद किया गया है. शव सड़-गल चुका था और परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने शव को हाइवे किनारे एक गड्ढे में रखकर ऊपर से बालू डाल दी थी. लगातार हुई बारिश के कारण बालू हट गई, जिसके बाद शव दिखाई दिया.
सूचना मिलने पर अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया. अथमलगोला थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने शव की पहचान बंटी कुमार के रूप में की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें, बंटी कुमार किराना दुकान चलाते थे. छह जुलाई की देर रात वह पटना जंक्शन के पास स्थित एक दुकान पर दही खरीदने गए थे. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे.
इसके बाद आरोपित उन्हें एक काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए. काफी खोजबीन के बाद भी बंटी का पता नहीं चलने पर परिजनों ने सात जुलाई को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.
परिजनों के बयान के आधार पर कोतवाली थाना में कच्ची दरगाह निवासी ऑटो चालक रोहित और पटना जंक्शन के आसपास रहने वाले रवीश कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था और पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों का आरोप था कि बंटी कुमार इलाके में कथित तौर पर संचालित सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाते थे. उनका दावा था कि इसी कारण उनका अपहरण किया गया.
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था. पुलिस अब हत्या के कारणों और इसमें शामिल आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है.








