मोतिहारी- पूर्वी चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक स्थित मैत्री ब्रिज के पास से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है.
पकड़ा गया शख्स भारत से नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार व्यक्ति लंबे समय से अवैध रूप से भारत में रह रहा था और अब नेपाल के रास्ते निकलने का प्रयास कर रहा था.
उसकी पहचान मो. श्याम हुसैन के रूप में हुई है. वह मुंशीगंज ढाका जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के बरोएगांव गांव का रहने वाला है. उसके पिता का नाम गियासुद्दीन बताया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर नियमित जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान कस्टम चौक स्थित मैत्री ब्रिज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर सुरक्षा बलों की नजर पड़ी.
पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान वह भारत में वैध रूप से रहने का कोई प्रमाण पेश नहीं कर सका. इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर एसएसबी की सहायता से गिरफ्तार कर लिया गया.
भारत में कब और किस रास्ते से आया था, इसको लेकर पूछताछ चल रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह किसी संगठित नेटवर्क की मदद से भारत में रह रहा था या नेपाल के रास्ते किसी अन्य देश में जाने की योजना बना रहा था? सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की भी गहन जांच कर रही हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








