दरभंगा- बिहार के दरभंगा के चंचल नगर गांव में मंगलवार को निर्माणाधीन चहारदीवारी के पास अचानक बम विस्फोट हो गया. धमाके में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार विस्फोट की चपेट में आने से मजदूरी कर रहे लक्ष्मी पासवान के पुत्र रामबाबू पासवान और श्रीकांत पासवान के पुत्र कमलेश पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि वहां 4 दिनों से काम चल रहा था.मंगलवार की सुबह वहां कुछ नहीं था.काम भी बंद था. अचानक धमाके की सूचना मिली, जिसमें एक मजदूर का हाथ डैमेज हुआ है और दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही पतोर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद के कारण बम रखे जाने की आशंका है.
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस संवेदनशील मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. दोषियों की पहचान सुनिश्चित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.








