रांची- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की मौजूदा सुविधाओं का जायजा लिया. खिलाड़ियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और रेंज में उपलब्ध उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान सीएम ने शूटिंग रेंज की जर्जर आधारभूत संरचना, उपकरणों की स्थिति, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर सभी आवश्यक सुविधाओं का आधुनिकीकरण सुनिश्चित किया जाए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक उपकरणों, सुरक्षा मानकों और खिलाड़ियों के अभ्यास की सुविधाओं की जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है.
मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में उपलब्ध उपकरणों के रखरखाव में सुधार, फायर सेफ्टी व्यवस्था को मजबूत करने, समय-समय पर मॉक ड्रिल कराने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं विकसित होने के बाद यह शूटिंग रेंज खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगी.
बता दें कि खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज झारखंड की प्रमुख शूटिंग प्रशिक्षण और प्रतियोगिता स्थलों में शामिल है. यहां राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं.
खिलाड़ियों का लंबे समय से कहना रहा है कि यदि यहां आधुनिक उपकरण, बेहतर रखरखाव और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो झारखंड के निशानेबाज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.








