रांची- झारखंड के खूंटी जिला से अंधविश्वास और डायन-बिसाही की कुप्रथा से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. सायको थाना क्षेत्र के किताहातु गांव में डायन-बिसाही के शक में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की लाठी-डंडों और पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.
मृतका के पुत्र बिरसा मुंडू की शिकायत पर सायको थाना में मामला दर्ज किया गया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही दिनाय मुंडू (20 वर्ष) और मंगल मुंडू (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए खून से सने दो बांस के डंडे और घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिए हैं. बरामद सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों को शक था कि महिला झाड़-फूंक और ओझा-गुनी का काम करती थीं.
उनका मानना था कि महिला की वजह से उनके परिवार में बीमारी और मौतें हुई हैं. इसी अंधविश्वास के चलते दोनों ने मिलकर इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया.
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने लोगों से अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने की अपील की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अंधविश्वास के आधार पर कानून अपने हाथ में लेना गंभीर अपराध है. लोगों को विवेक से काम लेना चाहिए और किसी भी विवाद की सूचना पुलिस को देनी चाहिए.








