पलामू- सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा स्थित नेशनल हाईवे पर पुलिस के स्थायी चेकपोस्ट में तोड़फोड़ और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
इस मामले में 34 नामजद तथा 125 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में जेएलकेएम के कुछ नेता भी शामिल बताए गए हैं।
डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि सभी आरोपियों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस चेकपोस्ट ध्वस्त करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौरतलब है कि गुरुवार को पोखराहा के समीप नेशनल हाईवे बाईपास पर हुए सड़क हादसे में मजीद अंसारी की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और इसी दौरान पुलिस के स्थायी चेकपोस्ट को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
सूचना मिलने पर सदर एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ राजेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद लगभग साढ़े चार घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए इस स्थान पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की जाए। उनका कहना था कि नेशनल हाईवे और पांकी रोड के क्रॉसिंग प्वाइंट पर लगातार हादसे हो रहे हैं और बीते 15 दिनों में इसी स्थान पर तीन लोगों की जान जा चुकी है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस दोनों स्तरों पर मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








