सीतामढ़ी- देश की प्रतिष्ठित NEET परीक्षा में शामिल होने के लिए एक कैदी हथकड़ी पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचा. पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस युवक ने परीक्षा में भाग लिया, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए.
यह पूरा मामला डुमरा स्थित कमला गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र का है, जहां जेल में बंद एक परीक्षार्थी को न्यायालय की अनुमति के बाद परीक्षा दिलाने लाया गया था.
सीतामढ़ी जिले से सामने आए इस बेहद अनोखे मामले में युवक हथकड़ी पहनकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) देने परीक्षा केंद्र पहुंचा. इस दौरान परीक्षा केंद्र पर मौजूद छात्र, अभिभावक और आम लोग उसे इस हालत में देखकर आश्चर्यचकित रह गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जानकारी के अनुसार परीक्षार्थी की पहचान अफजद अली के रूप में हुई है, जो सीतामढ़ी जिले के कन्हौली बगहा गांव का रहने वाला है. उसके पिता का नाम मंसूर अंसारी बताया गया है.अफजद वर्तमान में मारपीट के एक मामले में सीतामढ़ी मंडल कारा में बंद है.
हालांकि जेल जाने से पहले उसने देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET के लिए आवेदन किया था. उसका परीक्षा केंद्र डुमरा स्थित कमला गर्ल्स स्कूल में निर्धारित किया गया था.
परीक्षा की तिथि नजदीक आने के बाद अफजद अली की ओर से न्यायालय में परीक्षा में शामिल होने की अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था, जिस पर कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परीक्षा केंद्र परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. इस दौरान सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह स्वयं भी परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था की बारीकी से निगरानी करते रहे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल कराया गया है और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा गया है. परीक्षा केंद्र के भीतर भी उस पर विशेष नजर रखी गई ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा दोनों को हर हाल में सुनिश्चित किया जा सके.
इस अनोखी घटना की चर्चा अब पूरे जिले में बहुत तेजी से हो रही है. आम तौर पर परीक्षा केंद्रों पर छात्रों और अभिभावकों की भारी भीड़ दिखाई देती है, लेकिन हथकड़ी लगाए एक कैदी को NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा देने पहुंचे देख लोग चकित रह गए. कई लोगों ने इसे शिक्षा के अधिकार और न्यायिक व्यवस्था के संतुलित दृष्टिकोण का उदाहरण बताया.








