सिमडेगा- जिले में VB-G Ram G योजना में अनियमितताओं और सरकारी राशि की कथित लूट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऐसा ही एक मामला कुरडेग प्रखंड के कुटमाकच्छार पंचायत से सामने आया है, जहां फर्जी जॉब कार्ड के माध्यम से सरकारी राशि की अवैध निकासी की गयी है.
आरोप है कि मजदूर नितेश कुमार सिंह के नाम पर पहले सामान्य वर्ग में जॉब कार्ड संख्या JH04001013002/107 बनाकर 7 अप्रैल 2025 से 14 जुलाई 2025 तक 90 दिन का काम दिखाकर 25,380 रुपये निकाले गए.
इसके बाद इसी वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्हें अनुसूचित जनजाति का बताकर जॉब कार्ड को डिलीट करके नया फर्जी जॉब कार्ड संख्या JH04001013002/1583 बनाया गया और 14 अक्टूबर 2025 से 28 मार्च 2026 तक 96 दिनों का काम दिखाकर 27,072 रुपये की निकासी कर ली गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी तरह उनकी पत्नी मोनिका सिंह के नाम पर भी सामान्य एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अलग-अलग जॉब कार्ड बनाए गए. सामान्य वर्ग के जॉब कार्ड संख्या JH04001013002/108 से 25,380 रुपये निकालने के बाद वैध जॉब कार्ड को डिलीट कर दिया गया. इसके बाद अनुसूचित जनजाति वर्ग का जॉब कार्ड JH04001013002/10349 के माध्यम से 27,072 रुपये की निकासी की गयी.
इस मामले पर जिला उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि किसी व्यक्ति का एक ही बार जॉब कार्ड बनाया जाता है. यदि गलत जानकारी भरकर ऐसा कृत्य किया गया है तो ये जांच के दायरे में आएगा. इस मामले की जांच कर मनरेगा एक्ट के तहत उचित कारवाई की जाएगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








