लातेहार- लातेहार के चंदवा प्रखंड अंतर्गत टोरी रेलवे क्रॉसिंग से प्रभावित सैकड़ों ग्रामीण भाकपा और किसान सभा के बैनर तले सोमवार को पैदल मार्च करते हुए लातेहार पहुंचे. यहां लातेहार डीसी को ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि या तो रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज बनाया जाए या फिर उन्हें इच्छा मृत्यु दे दी जाए.
दरअसल, चंदवा से चतरा होते हुए डोभी तक जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग जाम का पर्याय बन गया है. टोरी रेलवे स्टेशन से कई अलग-अलग रूट की लाइन जाती है. जिस कारण यहां अक्सर रेलवे फाटक बंद रहता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि 24 घंटे में कम से कम 15 से 16 घंटे तक रेलवे फाटक बंद रहता है. कभी-कभी तो स्थिति और भी विकराल हो जाती है. समस्या इतनी गंभीर हो गई है कि ग्रामीण ओवर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर लगातार आंदोलन भी करते आ रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लगातार आंदोलन के बाद भी रेलवे क्रॉसिंग का निर्माण कार्य आरंभ नहीं कराया गया तो मजबूरी में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सोमवार को पैदल मार्च करते हुए डीसी ऑफिस पहुंचे और यहां डीसी को ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों ने अपनी मांग में साफ कहा है कि या तो ओवर ब्रिज का निर्माण आरंभ कराया जाए या फिर उन्हें इच्छा मृत्यु दे दी जाए.
भाकपा नेता अयूब खान ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर अक्सर जाम लगी रहती है. चंदवा प्रखंड के ही रेलवे क्रॉसिंग के दूसरी ओर रहने वाले लोगों को अस्पताल, स्कूल और कार्यालय तक जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगे रहने के कारण कई बीमार लोग एंबुलेंस में ही दम तोड़ चुके हैं. रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज बनाने को लेकर पिछले कई वर्षों से लगातार आंदोलन किया जा रहा है. लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता है. अब स्थिति असहनीय हो गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रामीणों ने कहा कि अगर ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य आरंभ नहीं कराया गया तो एक बड़ा आंदोलन होगा. लातेहार जिला बंदी के साथ-साथ रेलवे परिचालन भी रोक दी जाएगी. उन्होंने कहा कि रेलवे ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर डीसी को ज्ञापन सौंपा गया है. डीसी ने मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है.








