गोपालगंज- गोपालगंज जिले में गंडक नदी में बड़ा हादसा हो गया है. गंडक नदी पार करने के दौरान तीन किशोरियां गहरे पानी में लापता हो गई हैं. बताया जा रहा है कि तीनों अपनी मां और गांव के अन्य लोगों के साथ खेती के काम से नाव के जरिए नदी पार कर रही थीं. पूरा मामला मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया घाट का बताया जा रहा है.
सूचना मिलते ही महम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू की. इधर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा है.
बताया जा रहा है कि सभी लोग नाव पर सवार होकर नदी पार कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ नदी में बहाव बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव डगमगाने लगी और अफरा-तफरी के बीच तीन किशोरियां नदी के गहरे पानी में समा गईं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण जुट गए. ग्रामीणों ने अपने स्तर से किशोरियों की तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव और बारिश के कारण सफलता नहीं मिल सकी.
रेस्क्यू टीम मोटर बोट और अन्य उपकरणों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है. हालांकि लगातार बारिश और गंडक नदी के तेज बहाव के कारण बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








