पटना- राबड़ी देवी के आवास को खाली करने का आदेश जारी कर दिया गया है. भवन निर्माण विभाग ने यह सरकारी आवास मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है. इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस भी जारी किया गया है.
सरकारी आदेश के मुताबिक अब राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है. वहीं डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को 10 सर्कुलर रोड का बंगला दिया गया है.
भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकार की मंजूरी के बाद यह आवास आवंटन किया गया है. आदेश पर संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के हस्ताक्षर भी हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विभाग ने इस आदेश की कॉपी मुख्यमंत्री सचिवालय, मंत्रिमंडल सचिवालय और संबंधित विभागों को भी भेज दी है. अब आवास हस्तांतरण और अन्य औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
इस मामले पर राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि यह आवास लगभग 20 वर्षों से अधिक समय से आवंटित था, लेकिन अब अचानक इसे किसी अन्य के नाम पर दे दिया गया है.
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति आ गई है, जब विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस दिया जा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के लोग अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहते हैं. उनका कहना था कि यह निर्णय नहीं, बल्कि सत्ता के दबाव में लिया गया कदम है.
राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा कि राबड़ी देवी और उनकी पार्टी को जानबूझकर अपमानित करने के उद्देश्य से यह आवंटन किया गया है. उन्होंने इसे ओछी और घृणित राजनीति करार दिया.








