पटना- राजधानी पटना के चितकोहरा स्थित कन्या मध्य विद्यालय में बीते बुधवार एक नाबालिग छात्रा स्कूल के बाथरूम में जली हुई अवस्था में पाई गई थी. इलाज के लिए उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया लेकिन शाम में उसकी मौत हो गई . इस घटना से आक्रोशित परिजनों और लोगों ने गुरुवार को आगजनी की. पथराव में एक पुलिसकर्मी का सिर फट गया.
घटना से परिजन और स्थानीय लोग बेहद आक्रोशित हैं. बच्ची का घर स्कूल के पास में ही है. बीते बुधवार को स्कूल में तोड़फोड़ की गई थी. इस पूरे मामले में गर्दनीबाग थाने में परिजन ने हत्या का केस दर्ज कराया है. गुरुवार को लोग सड़क पर उतर गए. हालात को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. भारी संख्या में मौके पर पुलिस बुलाई गई.
बता दें कि छात्रा करीब 90 फीसद जल गई थी. यही कारण है कि उसे बचाया नहीं जा सका. बीते बुधवार को भी पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ था. कुर्सियां तोड़ दी गई थीं. अब एक बार फिर गुरुवार को यह गुस्सा फूट पड़ा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी ने मीडिया बातचीत में कहा कि बच्ची ने खुद को आग लगाई या उसको किसी ने जलाया इसकी जांच चल रही है. रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा. आज लोगों ने हंगामा किया. पुलिस पर पथराव हुआ है. इस पर भी एक्शन होगा. हालात कंट्रोल में है.
वहीं मृतक बच्ची के परिजन और स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची ने खुद को आग नहीं लगाई है बल्कि स्कूल के मास्टरों ने जला दिया है. मोबाइल में वीडियो दिखाया जाता था. सख्त कार्रवाई हो. आए दिन स्कूल में घटना होती है. इंसाफ चाहिए. शिक्षकों पर पहले भी छेड़छाड़ के आरोप हैं. अकेले में शिक्षक लड़कियों को बुलाते हैं.








