बिहार- बिहार में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण खगड़िया जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. जिले के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों के साथ-साथ स्कूल परिसरों में भी घुस चुका है. गंगा के बढ़ते जलस्तर से खगड़िया के 32 स्कूल बाढ़ग्रस्त हैं जिसके चलते उन विद्यालयों में अस्थाई रूप से पठन पाठन स्थगित किया गया है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने खगड़िया जिले के 32 बाढ़ प्रभावित विद्यालयों को 14 अगस्त तक बंद रखने का आदेश जारी किया है. इनमें खगड़िया प्रखंड के 13, गोगरी के 6, परवत्ता के 12 और बेलदौर प्रखंड का एक विद्यालय शामिल है. इन सभी स्कूलों को बाढ़ के पानी ने चारों ओर से घेर लिया है. बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
बाढ़ से प्रभावित जिन स्कूलों को बंद किया गया है, उनमें म० वि० रहीमपुर, म० वि० मथार, म० वि० मोरकाही, म० वि० सौढ़, प्रा० वि० माधवपुर नं० 02, उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव गोठियासी, कन्या प्रा० वि० विशीनी, उर्दू मध्य विद्यालय, मध्य विद्यालय विष्णुपुर, प्राथमिक विद्यालय भरसो, प्राथमिक विद्यालय कज्जलवन, प्राथमिक विद्यालय भूरिया समेत अन्य कई प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, सभी विद्यालयों को फिर से खोल दिया जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस अस्थायी बंदी का मकसद बच्चों को किसी भी तरह की अनहोनी से बचाना है, क्योंकि पढ़ाई से अधिक जरूरी फिलहाल उनकी जान की हिफाजत है.








