हजारीबाग- हजारीबाग में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. दुर्घटना में तीन ग्रामीणों की जान चली गई. हादसा उस वक्त हुआ जब तीन ग्रामीण अपने मवेशियों के साथ सड़क किनारे जा रहे थे.
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई.
घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और हादसे को लेकर आक्रोश व्यक्त किया. सूचना मिलने के बाद दारू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मृतकों की पहचान मेढ़कुरी पंचायत के अमली गांव निवासी बासुदेव यादव (60 वर्ष), घाघरा गांव के रामसेवक मेहता (50 वर्ष) और तुलसी मेहता के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों अपने मवेशियों को लेकर झुमरा की ओर जा रहे थे. रास्ते में सेवाने नदी के पास यह हादसा हुआ.
बोलेरो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामसेवक और तुलसी मेहता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बासुदेव यादव को ग्रामीणों ने तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है, लेकिन हादसे के बाद से चालक फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








