धनबाद- धनबाद के झरिया में में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसके बाद दोनों ओर से जमकर पथराव और लाठी-डंडे चले.
इस घटना में दोनों पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी का इलाज झरिया के निजी अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. इस दौरान पुलिस को भीड़ को शांत करने के लिए हल्का बल का भी प्रयोग करना पड़ा. पुलिस ने मामले को शांत करने के लिए लोगों को खदेड़ा. फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस और शांति समिति के सदस्य दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात को सामान्य करने में जुटे हैं. पूरे इलाके में पुलिस नजर बनाए हुए है. किसी भी घटना से निपटने के लिए पुलिस बल क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है.
घटना को लेकर एक गुट का कहना है कि एक युवक बाल कटवाने गया था. इसी दौरान कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया. दूसरे गुट के युवकों के कारण माहौल बिगड़ा है. इसमें दावा किया गया है कि हमला करने वाले लोग हाल ही में दिल्ली से अपने रिश्तेदारों के पास आए हैं और बांग्लादेशी हैं.
वहीं, दूसरे गुट का कहना है कि कुछ बच्चे बनियाहिर ग्राउंड में खेल रहे थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया जिससे मामला बिगड़ गया. जिसके बाद दोनों ओर से पथराव और लाठी डंडे चलने लगे. इस घटना में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं दोनों ओर से हमले में घर और ऑटो भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








