सिवान- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे जहां उन्होंने रैली की. साथ ही सिवान में 5736 करोड़ रुपए के विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास उद्घाटन एवं लोकार्पण किया.
सीवान में सभा को संबोधित करते हुए आरजेडी पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में जंगलराज वाले मौका देख रहे हैं. किसी भी तरह फिर से अपने पुराने कारनामे करने का मौका ढूंढ रहे हैं. बिहार के आर्थिक संसाधनों पर कब्जा करें इसके लिए वे तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं.
पीएम मोदी ने लोगों से कहा, “मेरे बिहार के प्यारे भाइयों-बहनों, आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए, आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए, आपको बहुत ही सतर्क रहना है. समृद्ध बिहार की यात्रा पर ब्रेक लगाने के लिए तैयार रहने वाले लोगों को कोसों दूर रखना है.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
90 के दशक को याद दिलाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां के नौजवान बिहार के 20 साल पहले की बदहाली सिर्फ किस्से और कहानियों में सुने हैं. उन्हें बहुत अंदाजा नहीं है कि जंगल राज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी.
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के रहने वाले हर व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी बात होती है उसका स्वाभिमान. मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखाने वाले हैं. वह कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते हैं. लेकिन पंजे और लालटेन वाले ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ही ठेस पहुंचाया. इन लोगों ने ऐसी लू खसोट मचाई कि गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 वर्षों के राजद के शासनकाल की याद करते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस की करतूत एवं करनामें बिहार विरोधी हैं. जब भी यह लोग बिहार के विकास की बात करते हैं तो यहां के लोगों को दुकान, उद्योग एवं कारोबार में ताले लटकते नजर आते हैं. यह लोग भ्रष्टाचार, गुंडाराज, माफिया राज के पोषक रहे हैं. एनडीए की सरकार कैसा काम कर रही है वह बिहार के लोग देख रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीएम ने कहा, “पहले बिहार की आधी से अधिक आबादी बहुत ही अधिक गरीब की श्रेणी में आती थी. अब पौने चार करोड़ साथियों ने खुद को गरीबी से मुक्त किया है. आरजेडी-कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों को घर नहीं मिलता था. अनाज बिचौलिए लूट लेते थे. नौकरी बिना घूस सिफारिश की नहीं मिलती थी. मोदी आपके लिए काम करता रहेगा. चैन से बैठने वाला नहीं.”








