रांची- रांची समेत राज्य भर में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन के यार्ड क्षेत्र में अत्यधिक जलजमाव के कारण रेल यातायात बाधित हो गया है. इस स्थिति को देखते हुए रांची रेल मंडल से परिचालित कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, जबकि एक ट्रेन को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है.
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22892 रांची – हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस, जिसकी यात्रा प्रारंभ तिथि 19 जून 2025 है, अब अपने निर्धारित मार्ग कोटशिला – पुरुलिया – टाटानगर – खड़गपुर की बजाय परिवर्तित मार्ग कोटशिला – राजाबेड़ा – चंद्रपुरा – भोजूडीह – आद्रा – मेदिनीपुर – खड़गपुर होकर चलाई जाएगी.
इसी तरह, ट्रेन संख्या 22891 हावड़ा – रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस, जो 19 जून को यात्रा प्रारंभ करती है, वह भी अब खड़गपुर – टाटानगर – पुरुलिया – झालदा मार्ग के स्थान पर खड़गपुर – मेदिनीपुर – आद्रा – जमुनियाटांड – राजाबेड़ा – कोटशिला होकर चलेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जलजमाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रेन संख्या 68085 टाटानगर – बरकाकाना पैसेंजर (वाया मूरी) को रद्द कर दिया गया है. यह ट्रेन भी 19 जून 2025 को ही चलने वाली थी.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें. रेलवे स्टेशनों और ऑनलाइन माध्यमों पर अपडेट लगातार जारी किया जा रहा है.
इस असामान्य स्थिति के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है, खासकर उन यात्रियों को जो नियमित रूप से रांची, टाटानगर, बरकाकाना या हावड़ा की यात्रा करते हैं. एक यात्री ने बताया, “हमें पहले से सूचना नहीं थी कि ट्रेन रद्द है, स्टेशन आकर पता चला, अब लौटना पड़ रहा है.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही यार्ड क्षेत्र से जलजमाव की स्थिति सामान्य होगी, नियमित मार्ग बहाल कर दिया जाएगा. फिलहाल, यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों की सुचारू आवाजाही को प्राथमिकता दी जा रही है.








