गढ़वा- मंईयां सम्मान योजना में लगातार फर्जीवाड़े की शिकायत सामने आ रही है. ताजा मामला धुरकी प्रखंड के खुटिया से आया है. इस मामले में सीएससी संचालक पर आरोप लगाया गया है कि उसने खुद मंईयां सम्मान योजना की राशि एक बार नहीं बल्कि पांच बार अपने खाते में मंगा ली है. पीड़ित महिला ने लिखित रूप से अपने खाते में पैसे मंगाने की मांग की है.
धुरकी प्रखंड क्षेत्र के खुटिया पंचायत अंतर्गत भुमफोर गांव की एक महिला ने बीडीओ को आवेदन देकर सीएससी संचालक पर धोखाधड़ी कर मंईयां सम्मान की राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है.
लाभुक अनिता देवी ने धुरकी प्रखंड कार्यालय में बीडीओ जुल्फिकार अंसारी को लिखित आवेदन देकर सीएससी संचालक पर कार्रवाई करने और मंईयां सम्मान से मिलने वाली पांच किस्त की राशि को सही कराकर उसके बैंक खाते में भेजने की मांग की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मंईयां सम्मान योजना की लाभार्थी ने बताया कि उसने छह माह पूर्व मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने के लिए अपने आधार कार्ड, राशन कार्ड और बैंक डिटेल के साथ खुटिया पंचायत सचिवालय में कार्यरत सीएससी संचालक पिंटू कुमार गुप्ता के पास आवेदन दिया था.
पीड़ित महिला ने बताया कि जब भी मंईयां सम्मान योजना की किस्त किसी अन्य लाभार्थी के खाते में आती थी और उसका खाता शून्य रहता था, तब वह सीएससी केंद्र के संचालक से पूछती थी, लेकिन सीएससी संचालक उससे बार-बार झूठ बोलता था और सिर्फ आश्वासन देता रहता था.
मामले में डीसी शेखर जमुआर ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना में अनियमितता की बात सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि जहां भी ऐसी अनियमितता हुई है, उसकी जांच की जा रही है. जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








