रांची- टिकट बंटवारे के बाद भाजपा में विरोध खुलकर सामने आ गया है. इस कड़ी में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मानगो के रहने वाले भाजपा नेता विकास सिंह ने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी.
विकास सिंह पिछले 25 वर्षों से भाजपा में हैं. बीजेपी में विभिन्न पदों पर रहने वाले विकास सिंह ने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से एनडीए गठबंधन के तहत जदयू को टिकट देने पर नाराजगी जताई है.
मीडिया से बातचीत के दौरान विकास सिंह ने एलान किया है कि वो जमशेदपुर पश्चिम से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे. उनका सीधा मुकाबला क्षेत्र के वर्तमान कांग्रेस विधायक सह झारखंड सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता से है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर के दिन नामांकन करने के बाद वो देवघर जाकर बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए बहुत पैसे की जरूरत होती है, लेकिन उनके पास पैसे नहीं हैं. इस कारण वे क्षेत्र कि जनता से मिलेंगे और एक घर जितने वोटर, उतने रुपये चंदा के रूप में मांगेंगे. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव जीतते है तो अपना नाम बदल कर विकास सिंह गुलाम कर लेंगे.








