रांची- झारखंड में कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. साइक्लोनिक सर्कुलेशन के डीप डिप्रेशन में बदलाव और इसके प्रभाव से झारखंड के मौसम का मिजाज बदल गया है.
रांची सहित राज्य के कई जिलों में देर रात से ही हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है. मौसम केंद्र रांची के निदेशक और वरीय मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार इस प्रभाव से झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मौसम गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी, जिससे राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है.
15 सितंबर को राज्य के चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिम सिंहभूम जिले में भारी से अति भारी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, 16 सितंबर को राज्य के गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र रांची ने भारी से अति भारी बारिश की संभावना वाले जिलों के लोगों से सचेत और सावधान रहने की अपील की है.








