मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर के एक निजी कोचिंग संस्थान में एक छात्र ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है जिसमे एक छात्रा के घायल होने की बात सामने आ रही है. छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना सकरा थाना क्षेत्र के सुस्ता चौक पुरानी सब्जी मंडी स्थित मेंटोर वाटिका कोचिंग सेंटर की है. घटना के बाद आरोपी छात्र फरार हो गया.
मिली जानकारी अनुसार, मंगलवार की सुबह मेंटोर वाटिका कोचिंग सेंटर में 11वीं कक्षा की पढ़ाई चल रही थी. कक्षा का ही एक छात्र घर से लोडेड पिस्टल लेकर पहुंच गया था.
जैसे ही क्लास खत्म हुई और बच्चे जाने की तैयारी में थे, तभी हंसी मजाक में छात्र ने अपने बैग से पिस्टल निकाल लिया और गोली चला दी. गोली वहां मौजूद छात्रा खुशबू कुमारी (16) को लग गई और छात्रा खून से लथपत होकर बेंच से नीचे गिरकर बेहोश हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया. कोचिंग के अन्य बच्चे जान बचाकर भागने लगे. कोचिंग संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जख्मी छात्रा को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया है.
छात्रा ने बताया कि जिस लड़के ने गोली मारी है, वह उसके गांव का ही रहने वाला है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कोचिंग संस्थान के छात्र के पास पिस्टल कहां से आया.








