रांची- लालपुर थाना में दो युवकों ने पुलिस पदाधिकारी को जमकर पीटा. जिसके बाद दोनों युवकों को पुलिस ने जेल भेज दिया. यह घटना शुक्रवार की देर रात की है. पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है.
मारपीट करने वाले युवकों की पहचान रवि रंजन लकड़ा और विनोद लकड़ा के रूप में हुई है. पुलिस के काम में बाधा पहुंचाने, पुलिस के साथ मारपीट, गाली गलौज के आरोप में एफआईआर दर्ज किया है. दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
पूरे मामले को लेकर लालपुर थाने में पदस्थापित एएसआई सुनील मुर्मू के बयान पर दोनों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है. सुनील मुर्मू के अनुसार 6 सितंबर की रात 10:00 बजे से वे रात्रि गश्ती ड्यूटी में थे. रात के करीब 1:00 बजे एक सफेद रंग की कार काफी तेज और लापरवाही के साथ लालपुर चौक की तरफ जा रही थी, जिसे चेकिंग के क्रम में रोका गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार के नंबर प्लेट के ऊपर भाजपा पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य का बोर्ड भी लगा हुआ था. पुलिसकर्मियों के द्वारा जब कर चालक से कागजात मांगे गए तब वह मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा में बातचीत करने लगा.
दोनों अपने आप को राजनीतिक पार्टी का कार्यकर्ता होने का हवाला देकर गाली गलौज और दो मिनट अंदर वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे. बाद में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कार सवार दोनों युवकों को काबू में कर थाने लाया गया. थाने के अंदर आने के बाद दोनों युवक हंगामा करने लगे और कई कागजात फाड़ डाले.
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी जब दोनों युवकों को काबू में करने की कोशिश करने लगे तब उसने पुलिस वालों की छाती, पीठ और चेहरे पर मुक्का चलाना शुरू कर दिया. एक बार तो एक युवक ने पुलिस वाले को दीवार में भी जोरदार पटक दिया. इस मारपीट में लालपुर थाने के ओडी पदाधिकारी बुरी तरह से जख्मी हो गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








