रांची- झारखंड की बेटियों को अब 18 साल की होते ही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिलने लगेगा. यह घोषणा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को किया है. सीएम ने कहा कि योजना के तहत फिलहाल 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है, जिसे घटाकर 18 वर्ष किया जा रहा है.
दरअसल, सीएम हेमंत आज रांची के नामकुम स्थित प्रशिक्षण स्थल खोजाटोली मैदान से दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के बीच सम्मान राशि वितरण कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने यह घोषणा की.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सबसे पहले हमने 50 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को आर्थिक सहायता देने के लिए सर्वजन पेंशन योजना के तहत उम्र सीमा घटाई, जिसके बाद हमने महिला बहनों के लिए मंईयां योजना शुरू की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे और उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध बनाया जाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा बटन दबाकर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के लाभुकों के बीच डीबीटी के माध्यम से 70 करोड़ 49 लाख 27 हजार रुपये जारी किए गए.
गौरतलब है कि यह योजना हेमंत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत फिलहाल 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं. इस योजना के तहत 48 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है. अब आयु सीमा कम करने से करीब 15 लाख अतिरिक्त लाभार्थी हो जाएंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








