पटना- बिहार के कटिहार जिले में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति बन गई जब 10 की संख्या में आदिवासी महिलाएं हाथों में डीजल की बोतल थामे समाहरणालय के गेट के सामने बैठ गईं और अपने ऊपर डीजल उड़ेलने लगी. रोती बिलखती महिलाओं ने सामूहिक आत्मदाह का प्रयास किया.
वहीं मौके पर पहुंचकर नगर थाना पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू दी है. इस घटना के बाद समाहरणालय के समीप घंटों असमंजस की स्थिति बनी रही. महिलाओं ने मुख्य गेट पर जाम कर दिया और हंगामा करते हुए बोतल में रखे डीजल को अपने शरीर पर छिड़कने लगी. बताया जाता है कि सभी महिलाएं ऑफिसर्स कॉलोनी की रहने वाली हैं और सालों से किसी जमीन पर अपना आशियाना बनाकर रहती थीं.
एक पीड़िता ने बताया कि कुछ माफिया दो तीन दिनों से जमीन खाली करने की धमकी दे रहे थे और आज सुबह आकर घर तोड़ डाला तो सारा सामान अपने साथ लेते चले गए. सात बजे सुबह हम पर हमला कर दिया गया. हमलोग जान बचाकर मौके से भाग गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीड़िता गौरी देवी ने कहा कि हमें इंसाफ चाहिए. जिस जमीन पर हम रहते हैं, उसे उजाड़ दिया गया है. दबंगों ने घर तोड़ दिया और सारा सामान लेकर चले गए. मोबाइल,पैसा, गहना सब कुछ लूटकर ले गए.
दबंग हमपर जमीन खाली करने का दबाव बना रहे हैं. उसी जमीन का एसडीओ साहब के यहां केस चल रहा है. एक तरफ केस चल रहा है, दूसरी तरफ मारपीट किया जा रहा है. हम पर अत्याचार किया जा रहा है. ऐसे में हम जिंदा रहकर क्या करेंगे.








