सहरसा- बिहार के सहरसा में पुलिस हिरासत में युवक की मौत हो गयी. मामला सौरबाजार थाना का है. मृतक की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के कचरा गांव वार्ड संख्या-9 निवासी विजय शर्मा के पुत्र अनमोल कुमार (25) के रूप में हुई है.
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम श्रेयांश तिवारी थाना पहुंचे तो मृतक की मां रोते-बिलखते हुए उनके पैर पकड़कर न्याय की गुहार लगाने लगीं. मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को थाने में प्रताड़ित किया जा रहा था.
मृतक की मां ने बताया, “मंगलवार सुबह करीब 8 बजे बेटे ने फोन कर बताया था कि, मुंशी उसे छोड़ने के बदले 20 हजार रुपए मांग रहा है. पिता नाश्ता लेकर थाना पहुंचे थे, लेकिन उन्हें उससे मिलने नहीं दिया गया और कुछ देर बाद पहले तबीयत खराब होने व फिर मौत की सूचना दी गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मंगलवार 24 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे थाना परिसर के शौचालय में उसका शव फंदे से लटका मिला था. पुलिसकर्मी उसे तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, यह मामला सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 से जुड़ा है, जो प्रेम प्रसंग के विवाद में दर्ज किया गया था. जानकारी के अनुसार, अनमोल का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों ने 22 नवंबर को शादी कर ली थी.
इसके बाद युवती के पिता ने 23 नवंबर को थाने में आवेदन दिया था, जिसके आधार पर परिजनों के अनुसार अनमोल को मधेपुरा से लाकर रविवार को सौरबाजार थाने में रखा गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, घटना के बाद कर्तव्य में लापरवाही और हाजत से संबंधित नियमों का प्रथम दृष्टया पालन नहीं करने के आरोप में पांच पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
सभी को पुलिस केंद्र, सहरसा में क्लोज किया गया है और मामले की गहन जांच के लिए सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है.
पूरे मामले पर एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि, प्रारंभिक सीसीटीवी फुटेज में युवक को स्वयं वॉशरूम में जाते हुए देखा गया है. पुलिस का कहना है कि शौचालय जाने के दौरान युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
एसपी विक्रम सिहाग ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
फिलहाल पुलिस पर रिश्वत मांगने और प्रताड़ित करने के परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और एसआईटी की जांच रिपोर्ट अहम होगी.








