पटना- बिहार पुलिस दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा और 70वीं BPSC संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरे और जोरदार प्रदर्शन किया.
छात्रों के हाथों में बैनर और पोस्टर थे, जिन पर लिखा था- ‘ना परीक्षा में खेल चलेगा, ना भविष्य से खिलवाड़ चलेगा’. छात्र लगातार नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे थे. जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी.
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बनी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच छात्रों को नियंत्रित करने और आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया गया. प्रदर्शन के कारण जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक और आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ.
प्रदर्शनकारियों ने BSSC की परीक्षाओं की तिथि घोषित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने समेत कई मांगें रखी हैं.
छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार उठ रहे सवालों का स्थायी समाधान जरूरी है, क्योंकि इन परीक्षाओं से हजारों युवाओं का भविष्य जुड़ा है. अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








