रांची- यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 11 सितंबर को झारखंड सहित देशभर के बैंकों में हड़ताल रहेगा. इस हड़ताल में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे.
बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों के द्वारा केंद्र सरकार से पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने, PLI भुगतान की विसंगतियों को दूर करने और 8 मार्च 2024 को हुए समझौते को लागू करने की मांग को लेकर हड़ताल किया जा रहा है.
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयुक्त संयोजक मुनिंद्र लाल सिंह ने बताया कि सरकार 8 मार्च 2024 को हुए समझौते को अब तक लागू नहीं कर पाई है, जो बेहद ही चिंता का विषय है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ब्रिक्स का बहाना ना बनाए क्योंकि ब्रिक्स में शामिल देशों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह है. हम लोगों ने पांच दिवसीय बैंकिंग कारोबार के समय में भी 40 मिनट अतिरिक्त समय देकर समय के समायोजन की बात कही है. इसके बावजूद सरकार टालमटोल कर बैंक कर्मचारियों की मांग की अनदेखी कर रही है.
बैंक कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में सितंबर महीने में 4 दिन हड़ताल पर रहेंगे. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 11, 28, 29 और 30 सितंबर को अखिल भारतीय हड़ताल की घोषणा की है.
यूनियन के संयुक्त संयोजक मुनिंद्र लाल सिंह ने कहा है कि इसके बावजूद केंद्र सरकार यदि मांग नहीं मानती है तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैंक कर्मचारी चले जायेंगे, जिससे बैंकिंग कारोबार पूरी तरह से ठप हो जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौरतलब है कि राज्य में विभिन्न राष्ट्रीयकृत, निजी, क्षेत्रीय, ग्रामीण और सहकारी बैंकों की 3,200 से अधिक शाखाएं कार्यरत हैं, जिसमें निजी बैंकिंग सेवा को छोड़कर सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और ग्रामीण बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे.








