डेस्क- यूपी के झांसी में सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक युवक को भारी पड़ गया. स्टंट के लिए करीब 30 फीट ऊंची जगह से बांध में छलांग लगाने वाला युवक पानी की गहराई कम होने के कारण नीचे मौजूद चट्टान से जा टकराया.
हादसे में उसके दोनों पैर बुरी तरह घायल हो गए और फ्रैक्चर हो गया. घटना के दौरान उसके दोस्त मोबाइल से पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे. हादसे के बाद घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
युवक के एक पैर में दो रॉड डाली गई हैं, जबकि दूसरे पैर का ऑपरेशन होना है. घटना रक्सा थाना क्षेत्र स्थित पहूज बांध की बताई जा रही है. हादसे का वीडियो अब सामने आया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मिली जानकारी अनुसार, रक्सा थाना क्षेत्र के परवाई गांव निवासी 32 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार मनौरिया रविवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ पहूज बांध घूमने गया था. बताया गया कि वहां दोस्तों के साथ रील बनाने के दौरान पुष्पेंद्र बांध के बाईं तरफ बने व्यू पॉइंट पर पहुंच गया. इस स्थान पर सुरक्षा के लिए रेलिंग लगी हुई थी.
वीडियो में दिखाई देता है कि पुष्पेंद्र रेलिंग पार करने के बाद छलांग लगाने की तैयारी करता है. दूसरी तरफ खड़े उसके दोस्त मोबाइल कैमरे से उसका वीडियो बना रहे थे.
पुष्पेंद्र करीब 30 फीट की ऊंचाई से बांध के अंदर छलांग लगा देता है. लेकिन स्टंट का यह प्रयास कुछ ही सेकंड में हादसे में बदल जाता है. बताया गया कि जिस स्थान पर पुष्पेंद्र नीचे गिरा, वहां पानी की गहराई काफी कम थी और नीचे चट्टानी सतह मौजूद थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छलांग के दौरान उसके दोनों पैर सीधे नीचे जाकर चट्टान से टकरा गए. जोरदार चोट लगने से दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया. चोट लगने के बाद पुष्पेंद्र के लिए पानी से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया.
उसके पैर काम नहीं कर रहे थे और वह पानी में डूबने लगा. बताया गया कि उसने अपने पैरों को हाथों से पकड़कर संभालने की कोशिश की. इसके बाद किसी तरह हाथों के सहारे तैरते हुए उसने वहां लगी सरिया को पकड़ा और बाहर निकलने का प्रयास किया.
आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति देखी तो किसी तरह युवक को पानी से बाहर निकाला. हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रासलैंड चौकी प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया.








