गुमला- गुमला में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान गिंडरा महुआ टोली निवासी रोहित मुंडा और सुंदर मुंडा के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, बालू से लदा एक ट्रैक्टर नदी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर की बाइक से सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर पास से गुजर रहे एक ई-रिक्शा से जा टकराए.
हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद बाइक और ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर और ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बद मृत युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. परिजन शवों को देखकर दहाड़ मार कर रोने लगे. परिजनों के विलाप से पूरा माहौल बेहद गमगीन हो गया.
इधर, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.ग्रामीण मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा, आश्रितों को नौकरी और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जाम की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. पुलिस की ओर से ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा देने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही फरार वाहन चालकों की तलाश और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने की कार्रवाई भी शुरू की गई.








