शेखपुरा- सिगरेट पीने को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता आत्महत्या कर ली. घटना शेखपुरा के कच्ची रोड की है. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के हसनपुर निवासी 35 वर्षीय अश्विनी कुमार चंद्रा के रूप में हुई है.
अश्विनी कुमार चंद्रा ने करीब नौ महीने पहले साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के शेखपुरा मंडल मुख्यालय में कार्यपालक अभियंता के पद पर योगदान दिया था. विभागीय सहकर्मियों के अनुसार, प्रोन्नति के बाद कार्यपालक अभियंता के रूप में यह उनकी पहली पोस्टिंग थी.
बताया गया कि अश्विनी सिगरेट पीते थे और उनकी पत्नी इसका विरोध करती थीं. रविवार दोपहर इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. विवाद के बाद पत्नी कथित तौर पर शिकायत लेकर थाना चली गई थीं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
थाने से लौटने के बाद पत्नी ने देखा कि घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है. काफी आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा. कमरे के अंदर लाश लटकी हुई मिली.
पुलिस ने उन्हें फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एसएफएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों आधारों पर मामले की जांच कर रही है.
पत्नी के बयान के आधार पर सिगरेट पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद कार्यपालक अभियंता द्वारा फांसी लगाने की बात सामने आई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








