पटना- जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव में एक बार फिर जीविका दीदियों का इस्तेमाल किया जा रहा है और वे बीजेपी के पक्ष में काम कर रही हैं.
प्रशांत किशोर ने पटना डीएम के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई मतदाता जागरूकता अभियान की तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें जीविका दीदियों के साथ बीजेपी का झंडा दिख रहा है. उन्होंने इसे चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन बताया और कहा कि यह तस्वीर जीविका दीदियों के दुरुपयोग को साबित करती है.
पीके ने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर पूरी चुनावी प्रक्रिया से जीविका दीदियों को दूर नहीं किया गया तो वे चुनाव आयोग के सामने धरने पर बैठेंगे. उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि पार्टी बांकीपुर में चुनाव हार रही है, इसलिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशांत किशोर ने पटना डीएम की पोस्ट को लेकर सवाल उठाया कि सरकारी कार्यक्रम में बीजेपी का झंडा कैसे लग सकता है. उन्होंने इसे साजिश बताया और कहा कि यह स्पष्ट रूप से सत्ता का दुरुपयोग है. जन सुराज ने चुनाव आयोग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है.








