वैशाली- मुहर्रम के मौके पर ताजिया विसर्जन के दौरान वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा पर कथित रूप से असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और चिकित्सकों को छह टांके लगाने पड़े. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि प्रशासन द्वारा पूर्व में आयोजित शांति समिति की बैठक में ताजिया जुलूस के रूट और समय को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे. आरोप है कि कुछ आयोजन समितियों ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया.
उन्होंने बताया कि तकिया टोला के बुढ़वा अखाड़ा का ताजिया निर्धारित मार्ग छोड़कर दूसरे रास्ते से राजापाकर बाजार पहुंच गया, जबकि उसका सबसे पहले विसर्जन होना था. इसके बाद दर्जी टोला के इस्लामिया अखाड़ा का ताजिया विसर्जन के लिए लाया जा रहा था, तभी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्व उग्र हो गए और थानाध्यक्ष पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े.
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापाकर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर में छह टांके लगाए गए.
घटना की सूचना मिलते ही महुआ के एसडीपीओ संजीव कुमार अतिरिक्त पुलिस बल और बज्र वाहन के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया. देर रात वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटनास्थल के समीप स्थित एक आभूषण दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.








