दरभंगा- बिहार के दरभंगा में शुक्रवार (26 जून, 2026) की सुबह दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया. पूरा मामला बहादुरपुर थाना क्षेत्र के उझौल गांव का है. शुक्रवार तड़के मुहर्रम के दौरान अखाड़े की ट्यूब लाइट बुझाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
जानकारी के अनुसार, ट्यूब लाइट बुझाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई झड़प के दौरान उझौल गांव निवासी दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी (उम्र 30-31 साल) ने मो. इलियास के पुत्र मो. मोबिन (उम्र 50-51 साल) को पेट में गोली मार दी. घटना में मो. मोबिन गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें दरभंगा में ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बताया जाता है कि मो. मोबिन मुहर्रम की छुट्टी में घर आए थे. वो पटना जिला बल में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत हैं. गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी दौरान मौजूद लोगों ने सुनील को घेर लिया और मारपीट शुरू हो गई. मारपीट के दौरान किसी ने धारदार फरसा से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सुनील सहनी अपने चार साथियों के साथ अखाड़े के इमामबाड़ा के पास पहुंचा. इसके बाद गोली चलाकर ट्यूब लाइट को बुझा दिया. उसी समय मो. मोबिन ने इसका विरोध किया, जिस पर विवाद बढ़ गया. गुस्साए सुनील ने मोबिन के पेट में गोली मार दी.
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. गांव में पुलिस कैंप कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और खून से सना एक फरसा बरामद किया है. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस मामले में सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है.








