रांची- मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. त्योहार को लेकर विभिन्न अनुमंडल क्षेत्र के अलग-अलग थानों में लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही है.
मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पलामू, गढ़वा और लातेहार के इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी. पलामू प्रमंडल के इलाके में मुहर्रम के दौरान भव्य जुलूस निकलता है. मुहर्रम को लेकर तीनों जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
साथ ही संवेदनशील इलाकों को चिन्हित किया गया है. मुहर्रम को लेकर तीनों जिलों में शांति समिति के बैठक हो चुकी है और कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल ने बताया कि मुहर्रम को लेकर कई बिंदुओं पर दिशा निर्देश जारी कर सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारी को अपने-अपने इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग करने और निगरानी करने को कहा गया है.
मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर मॉक ड्रिल किया गया. जिसमें इसमें बड़ी संख्या में पुलिस जवान आम नागरिक और आंदोलनकारी की भूमिका में नजर आए.
इस मौके पर बोकारो एसपी और डीसी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी लगातार निगरानी की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम के अवसर पर डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी. एसडीएम ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप किसी भी पर्व-त्योहार में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
जुलूस की निगरानी के लिए कई स्थानों पर मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं. साथ ही ड्रोन, सीसीटीवी और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से निगरानी की जाएगी.
संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नशे की हालत में जुलूस में शामिल होने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
धनबाद में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया और जुलूसों को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा.
झरिया, बैंक मोड़ सहित प्रमुख स्थानों पर डीएसपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में क्विक रिस्पांस टीम लगातार मुस्तैद रहेगी. मुहर्रम से पहले धनबाद पुलिस केंद्र की तरफ से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया है. जिसमें पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
पाकुड़ में मुहर्रम शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने को लेकर सिविल एवं पुलिस प्रशासन की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई है. इसको लेकर डीसी और एसपी की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक की गई. जिसमें सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन को दोहराया गया और इसका अनुपालन करने की अपील मौजूद लोगों से की गई.
त्योहार के दौरान सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की तरफ से बस स्टैंड के निकट मॉक ड्रिल किया गया और फ्लैग मार्च निकाला गया. मॉक ड्रिल में पुलिस ने आपात स्थिति से निपटने को लेकर पूर्वाभ्यास किया.
मौके पर एसपी अनुदीप सिंह ने जवानों व अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए. एसपी ने कहा मुहर्रम शांतिपूर्ण संपन्न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन तैयारी कर चुकी है.








