सरायकेला- झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत झाबरी गांव के समीप रविवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक बड़ा हादसा हो गया।
धनबाद से जमशेदपुर की ओर जा रही शराब से लदी एक वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन वाहन में लदी भारी मात्रा में शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। देखते ही देखते कई लोग टूटने से बची बोतलों को अपने साथ ले जाने लगे। इस दौरान घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे करवाकर यातायात को सामान्य कराया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार वैन में करीब 4.62 लाख रुपये मूल्य की शराब लदी हुई थी। दुर्घटना के कारण लगभग 90 प्रतिशत शराब की बोतलें टूटकर नष्ट हो गईं, जबकि शेष करीब 10 प्रतिशत बोतलें स्थानीय ग्रामीण उठा ले गए। पुलिस ने बचे हुए सामान को अपने कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार अथवा चालक के वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। चौका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








