बिहार- भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बेलौटी गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी की मौत मामले पर पवन सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की है।
पवन सिंह ने जारी अपने बयान में कहा कि स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी एक जागरूक, संवेदनशील और समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उन्होंने अपने जीवन में हमेशा गरीब, वंचित, दलित और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने का कार्य किया। उनके सामाजिक योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी ने कोरोना महामारी, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं और अन्य कठिन परिस्थितियों में भी लोगों की मदद के लिए सक्रिय भूमिका निभाई थी। समाज के कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य वे लगातार करते रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पवन सिंह ने कहा कि भरत भूषण तिवारी का उद्देश्य केवल इतना था कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन आम लोगों की समस्याओं का समाधान करें तथा किसी भी जरूरतमंद परिवार को उसके अधिकारों से वंचित न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े उनके प्रयास और सामाजिक कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के हितों के लिए संघर्ष करते रहे। यही कारण है कि उनकी मृत्यु की घटना ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
पवन सिंह ने कहा कि इस घटना को लेकर समाज में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों पर कई तरह की जानकारियां और वीडियो भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि यदि वायरल हो रही जानकारियां और वीडियो में दिखाई गई परिस्थितियां सही हैं तो इस मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। इससे न केवल सच्चाई सामने आएगी, बल्कि लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत होगा।
भोजपुरी अभिनेता और विधान परिषद सदस्य पवन सिंह ने बिहार सरकार तथा संबंधित उच्च अधिकारियों से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है.
पवन सिंह ने अपने बयान में कहा कि केवल न्याय होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता को न्याय होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए। ऐसी संवेदनशील घटनाओं में समय पर सच्चाई सामने आना आवश्यक है, ताकि समाज में कानून और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास बना रहे।
उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इससे लोगों के बीच यह संदेश जाएगा कि कानून सबके लिए समान है। पवन सिंह ने कहा कि वह जल्द ही भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच की मांग को वह मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि इस कठिन समय में परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सामाजिक योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।








