रांची- रांची के सिल्ली में एक विधवा महिला से एक दंपत्ति ने 60 लाख की ठगी कर ली है. मामले को लेकर पीड़ित महिला ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है.
मिली जानकारी अनुसार, रांची के सिल्ली की रहने वाली नमिता महतो नाम की एक महिला से एक दंपती ने 60 लाख रुपए की ठगी कर ली. एफआईआर के अनुसार नमिता के पति के निधन के बाद बैंक और एलआईसी से पैसे निकालने का झांसा देकर ठगी की गई है. मामले में नमिता महतो ने सत्य प्रकाश और पूनम कुमारी के खिलाफ सिल्ली थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
एफआईआर के अनुसार, नमिता महतो के पति सुभाष चंद्र महतो के निधन के बाद उनके बैंक और एलआईसी से जुड़े पैसों के निपटारे के दौरान आरोपियों ने उनसे संपर्क बढ़ाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली और कानूनी जानकार बताकर भरोसा जीता और फिर धीरे-धीरे उनके बैंकिंग से जुड़े कागजात, पासबुक, आधार, पैन, फोटोग्राफ और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए.
आरोपियों ने बिना इजाजत के पीड़ित के मोबाइल पर बैंकिंग ऐप डाउनलोड कर एक्टिवेट कर लिया तथा उसका पासवर्ड और लॉगिन पिन भी अपने पास रख लिया. इसके बाद कथित तौर पर उनके SBI अकाउंट से कई बार पैसे ट्रांसफर किए गए.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ओटीपी और बैंक मैसेज मिटा दिए जाते थे, ताकि पीड़िता को लेन-देन की भनक न लगे. एफआईआर में अलग-अलग चरणों में रकम ट्रांसफर कराने और कथित कानूनी फीस के नाम पर पैसे लेने का आरोप है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायत में बताया गया कि 6 मार्च 2023 को 4.12 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए थे. जबकि बाद में कुल अवैध ट्रांसफर की राशि 49.77 लाख रुपए बताई गई. इसके अलावा 9.50 लाख रुपये कथित फीस के रूप में लेने का भी आरोप लगाया गया है.
प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि पहले एलआईसी से संबंधित रकम खाते में आई थी, जिसे बैंक ने स्वतः एफडी में डाल दिया और इसी दौरान पूरे मामले की शुरुआत हुई. सिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है.








