रांची- रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दफ्तर पर देर रात पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की गई है. पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात दो अपराधियों के द्वारा सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर आरएसएस दफ्तर के अंदर फेंकने की कोशिश की गई. हालांकि बाउंड्री से ठीक पहले ही दोनों बोतल गिर गए. जिससे कार्यालय को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस घटना में शामिल हमलवारों की तलाश में जुट गई है. रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में दो युवक शामिल थे. मामले की जांच के लिए एफएसएल सहित कई टीमों को लगाया गया है.
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगी है, जिसमें दो हमलावर पेट्रोल बम से आरएसएस कार्यालय पर फेंकने की कोशिश करते दिख रहे हैं. पहली बोतल फेंकते समय आग लगा हुआ सुतली जमीन पर गिर गया, जिसकी वजह से पेट्रोल बम बेअसर हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद दूसरा पेट्रोल बम फेंका गया, लेकिन वह कार्यालय तक पहुंचा ही नहीं. इस पूरे मामले की जांच की गई, जिसमें पता चला है कि पेट्रोल बम बनाने के लिए चिली सॉस की बोतल को हथियार बनाया गया था.
मामले की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई भाजपा विधायक और कार्यकर्ता आरएसएस ऑफिस पहुंचे. भाजपा नेताओं ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








