लातेहार- फुल बसिया कोयला साइडिंग के पास बीती रात अपराधियों ने एक हाइवा में आग लगा दी, जिससे गाड़ी पूरी तरह जल गई. घटना की जानकारी पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है. घटना की जिम्मेवारी राहुल दूबे गैंग ने ली है.
बताया जाता है कि बाइक पर सवार होकर कुछ अपराधी फूल बसिया रेलवे कोयला साइडिंग के पास पहुंचे और वहां खड़ी एक हाइवा में आग लगा दी.इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की.
अपराधियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा फेंककर जिम्मेवारी लेते हुए कहा कि बिना आपराधिक संगठन से बात किए काम करने पर अंजाम बुरा होगा. बताया जाता है कि उक्त गाड़ी रेलवे साइडिंग से अलग खड़ी थी. गाड़ी में कोयला लोड नहीं था. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस संबंध में डीएसपी विनोद रवानी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है. शनिवार की देर रात अपराधियों ने खाली हाइवा में आग लगाई है.
उन्होंने बताया कि राहुल दुबे गैंग के द्वारा घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है.पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है.








