सरायकेला- झारखण्ड के सरायकेला में भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसमे 9 लोगों की मौत हो गई है. ये सभी शादी समारोह से लौट रहे थे. इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया अस्पताल भेजा गया.
जानकारी के मुताबिक नीमडीह प्रखंड के तिलाईटाड़ गांव से गुरुवार को एक वाहन से नौ लोग बारात लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला के बलरामपुर स्थित अदाबना गांव गए थे.
विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शुक्रवार सुबह लगभग 7:00 बजे के करीब सभी लोग झारखंड-पश्चिम बंगाल बॉर्डर स्थित नामशोल के पास से गुजर रहे थे, तभी उनके वाहन की एक तेज रफ्तार ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही ट्रेलर पलट गया और बोलेरो में सवार सभी नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस हृदयविदारक घटना से पूरे तिलाईटाड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं एक ही गांव के नौ युवकों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है.








