गोपालगंज- गोपालगंज में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया जहां गंडक नदी में नहाने के दौरान चार युवक डूब गए. घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है. लापता युवकों की खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान में जुट गई है.
लापता युवकों में बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर मटियारी गांव निवासी सतन राय के 18 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार, 14 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार, नवलेस राय के 19 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार और श्रीलाल यादव के 18 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार शामिल है.
घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र केजादोपुर मटियारी गांव निवासी नवलेस राय की मां के आज श्राद्ध कर्म था. श्राद्ध कर्म के रीति रिवाज के अनुसार परिवार के सभी लोग मुंडन कराने के बाद मुंजा बोल्डर के पास गंडक नदी में स्नान करने गए थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गंडक नदी में नहाने के दौरान सुजीत कुमार डूबने लगा. डूबते युवक को बचाने गए तीनों युवक सुमित कुमार, निखिल कुमार और संजीव कुमार भी नदी की तेज धार में बह गए.
युवकों को बहता देख परिजनों ने इस घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता युवकों की खोजबीन शुरू कर दी है लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चला है. मौके पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है जो गंडक नदी में लापता युवकों की तलाश में जुट गई है.








