मुजफ्फरपुर- बिहार के मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हर्ष फायरिंग में महिला की मौत मामले में अदालत ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है।
फिलहाल विधानसभा से उनकी सदस्यता बची रहेगी। उनकी विधायकी पर संकट अभी टल गया है। दिल्ली के फार्म हाउस में आयोजित न्यू ईयर पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग से एक महिला डॉक्टर की जान चली गई थी। निचली अदालत ने राजू सिंह को 4 साल की जेल और 25 लाख के जुर्माने की सजाई सुनाई थी।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 6 जून 2026 को भाजपा विधायक राजू सिंह को गैर इरादतन हत्या के मामले में दोषी करार दिया था। बीते 4 जुलाई को उन्हें सजा सुनाई गई थी। इस फैसले के खिलाफ विधायक ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हाईकोर्ट ने उनकी अपील पर सुनवाई की और जमानत भी दे दी, लेकिन दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की गई, जहां से विधायक को फिलहाल राहत मिल गई है।
विधायक राजू सिंह के वकील विनोद कुमार ने बताया कि राउज एवेन्यू कोर्ट से मिली सजा के खिलाफ अब दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है।
दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्म हाउस पर 31 दिसंबर 2018 को न्यू ईयर की पार्टी आयोजित की गई थी। उसमें भाजपा विधायक राजू सिंह अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जब पार्टी चल रही थी तब हवा में फायरिंग की गई। पार्टी में मौजूद अर्चना गुप्ता नाम की एक महिला डॉक्टर को गोली लग गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था।
निचली अदालत से चार साल की सजा होने पर राजू सिंह की विधायकी पर खतरा मंडरा गया था। कानून के तहत अगर किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को किसी अपराध में 2 साल या उससे ज्यादा की सजा होती है, तो उसकी सदस्यता चली जाती है।
जेल से बाहर आने के बाद वह 6 सालों तक कोई चुनाव भी नहीं लड़ सकता है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद राजू सिंह विधायक बने रहेंगे। अब मामले पर अंतिम आदेश आने के बाद ही आगे का फैसला होगा।








