पटना- पटना में छठ महापर्व के दौरान एक परिवार के घर से 2 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात चोरी हो गए. पूरा परिवार बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने गया था, उसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया.
चोरों ने दो मंजिला मकान का ताला तोड़कर करीब दो करोड़ रुपये के सोने के जेवरात चोरी कर लिये. चोर घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद भी ले गये. घटना सोमवार की सुबह करीब पांच बजे की बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, चक बैरिया गांव में स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के पुत्र अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह का दो मंजिला मकान है. अरुण सिंह दैनिक जागरण, दुमका में सेल्स एग्जीक्यूटिव हैं, जबकि धर्मेंद्र सिंह गया स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सोमवार की सुबह दोनों भाइयों के परिवार के सभी सदस्य घर की पहली और दूसरी मंजिल के चारों कमरों में ताला लगाकर बैरिया सूर्य मंदिर छठ घाट पर अर्घ्य देने गये थे. इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया.
इसके बाद दोनों मंजिलों के कमरों में रखी अलमारी, दीवान, पलंग, पेटी और बक्सों के ताले तोड़ दिये. चोरों ने घर में रखे सोने के सभी कीमती जेवरात समेट लिये. हैरानी की बात यह रही कि सोने के गहनों के खाली डिब्बे कमरों में ही छोड़ दिये गये, जबकि चांदी के जेवरात और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया.
अर्घ्य देकर जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गये. अंदर जाने पर सभी कमरों के ताले टूटे मिले और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. घर की महिलाओं के सोने के गहने गायब थे. चोरी गये जेवरात में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और माता जी के गहने शामिल हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अरुण सिंह ने बताया कि उनकी माता रेणु सिंह और पत्नी कुमारी पूनम देवी ने छठ व्रत किया था. घर में पर्व को लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन चोरी की घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया. परिवार ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने में देरी को लेकर नाराजगी भी जतायी.
मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है. हालांकि, कुछ दूरी पर स्थित मनोज कुमार के मकान के बाहर लगे कैमरे की फुटेज पुलिस खंगाल रही है. गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है. पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटा रही है.








