रांची- कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के कथित यौन शोषण के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है. आयोग ने 13 नवंबर 2026 को सामने आई मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लेते हुए झारखंड पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है.
आयोग ने पूरे मामले की विस्तृत, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, साथ ही 7 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने को कहा है.
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पुलिस महानिदेशक को भेजे पत्र में कहा है कि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नाबालिग ने विधायक के परिवार के सदस्यों पर मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप भी लगाए हैं. आयोग ने खासतौर पर उन परिस्थितियों की जांच करने को कहा है, जिनमें स्कूल में दाखिला दिलाने के बहाने नाबालिग को सिमडेगा से रांची लाया गया था. आयोग ने साफ किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए और किसी भी राजनीतिक या बाहरी प्रभाव में नहीं आनी चाहिए.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस को पीड़िता की पहचान की गोपनीयता बनाए रखने का निर्देश दिया है. इसके अलावा उसे समुचित चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है.
आयोग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि पीड़िता को किसी तरह की धमकी, दबाव या प्रताड़ना का सामना न करना पड़े. आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि 13 नवंबर को रांची के धुर्वा थाना में पीड़िता के बयान पर सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा समेत अन्य के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
इस प्राथमिकी के करीब 24 घंटे के भीतर नाबालिग के दादा ने सिमडेगा में एक पत्रकार समेत दो लोगों के खिलाफ अपनी पोती को अगवा करने का आरोप लगाते हुए दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराई.








