पटना- छठ महापर्व को लेकर पटना में गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है. खरना के दिन गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालु मरीन ड्राइव पर बने सेल्फी पॉइंट पर भी खूब तस्वीरें ले रहे हैं.
यह सेल्फी पॉइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. खरना के लिए गंगा स्नान करने पहुंचे कई श्रद्धालु यहां रुककर तस्वीरें लेते देखे गए. परिवार और दोस्तों के साथ सेल्फी लेने का सिलसिला जारी है. छठ की तैयारियों के बीच यह सेल्फी पॉइंट लोगों के लिए यादगार पल संजोने की जगह बन गया है.
वहीं, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को शहर के कई छठ घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने व्रतियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निरीक्षण के दौरान प्रेम कुमार ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं. घाटों पर एनडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि छठ करने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
उन्होंने बिहार सरकार, जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की. साथ ही स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही.
उन्होंने कहा कि अब छठ की पहचान बिहार तक सीमित नहीं रह गई है. देश के कई हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों और पर्व से जुड़ी तस्वीरों के माध्यम से इसकी सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बिहारवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मइया से सभी के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की.








