पटना- तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. राज्य वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक बदइंतजामी और भ्रष्टाचार का शिकार हो चुका है.
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार के पास जनसमस्याओं के समाधान की कोई ठोस योजना नहीं है.
तेजस्वी यादव ने बुधवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि बिहार में हर स्तर पर माफिया का राज है. अपराधी पुलिसकर्मियों की हत्या कर रहे हैं. वहीं, पुलिस अपनी गलतियां छिपाने के लिए निर्दोष लोगों की जान ले रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि कुशासन और भ्रष्टाचार सरकार से लेकर समाज तक गंभीर समस्या बन चुके हैं. मौजूदा हालात में आम लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं.
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके अनुभवहीन नेतृत्व के कारण राज्य में अराजक स्थिति पैदा हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली और प्रशासनिक समझ कमजोर है. इसी वजह से अधिकारी भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में आम जनता के मुद्दे शामिल नहीं हैं. नौकरी और रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और औद्योगिक विकास जैसे सवाल पीछे छूट गए हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने आधारभूत ढांचे, तकनीक और निवेश को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन बेलगाम हैं और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है.
तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि क्या वोट चोरी के जरिए सत्ता में आए लोगों ने बिहार को बर्बादी की ओर धकेलने के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदारी सौंपी है?
उन्होंने कहा कि राज्य के मौजूदा हालात भविष्य के लिए चिंता का विषय हैं. इससे आम जनता के हित प्रभावित हो रहे हैं. हालांकि, ये सभी आरोप तेजस्वी यादव ने विपक्ष के नेता के तौर पर लगाए हैं.








