भोजपुर- जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई. यहां धारदार हथियार और लोहे के हथौड़े से वार कर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई.
मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव निवासी रामवती देवी और उनके पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की हत्या का आरोप रामवती देवी के बड़े पुत्र पर लगा है. घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार रामवती देवी अपने छोटे पुत्र सुनील कुमार के साथ रहती थी. बुधवार के अहले सुबह करीब 2 बजे दोनों की धारदार हथियार (गड़ासे) से गला काटकर हत्या कर दी गई. इसके बाद उनके शरीर पर लोहे के हथौड़े से भी कई वार किए गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया.
जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है.








